
पिथौरा-बया-चांदन-राजदेवरी मार्ग की बदहाली दूर करने की मांग, सड़क नहीं सुधरी तो कांग्रेस करेगी आंदोलन और दिखाएगी काले झंडे
सोनाखान। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस 10 दिसंबर को सड़क मार्ग से सोनाखान आने का न्योता दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पिथौरा, बया, चांदन और राजदेवरी होते हुए सोनाखान पहुंचने का आग्रह किया है, ताकि क्षेत्र की जर्जर सड़क की स्थिति से शासन का ध्यान आकर्षित हो सके और सड़क सुधार की दिशा में पहल हो।
युधिष्ठिर नायक ने अपने पत्र में कहा है कि मुख्यमंत्री के सड़क मार्ग से सोनाखान पहुंचने पर इस मार्ग की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। इससे सड़क के सुधार की संभावना बढ़ेगी और क्षेत्रवासियों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से मुख्यमंत्री के आने पर क्षेत्रवासी उनका स्वागत करेंगे।
सड़क की बदहाली दूर करने की मांग
नायक ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि यदि मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से आने में असमर्थ रहते हैं और हेलीकॉप्टर से सोनाखान पहुंचते हैं, तो वे अपने सहयोगी लोक निर्माण मंत्री अथवा वित्त मंत्री को इस मार्ग से भेजें, ताकि सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लेकर इसके निर्माण एवं सुधार की पहल की जा सके।
मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से पहल नहीं की गई, तो कांग्रेस कमेटी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के आगमन पर काले झंडे दिखाने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
युधिष्ठिर नायक के इस पत्र के जरिए सोनाखान क्षेत्र की सड़क समस्या को प्रमुखता से उठाया गया है। अब देखना होगा कि शहीद वीर नारायण सिंह के शहादत दिवस से पहले इस मार्ग की स्थिति सुधारने के लिए शासन स्तर पर क्या कदम उठाए जाते हैं।


