बिलासपुर: 2 नवंबर को ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर जिला राज्योत्सव, धान खरीदी की तैयारियां 5 नवंबर से पहले पूरी करने के निर्देश

SARJU PRASAAD SAHU

October 21, 2026

बिलासपुर। 21 अक्टूबर 2026 कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को जिला स्तरीय राज्योत्सव की तैयारी समय पर पूरी करने, सीएम हेल्पलाइन के आवेदनों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने और धान खरीदी की सभी व्यवस्थाएं 5 नवंबर से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय एक दिवसीय राज्योत्सव 2 नवंबर को पुलिस परेड मैदान में आयोजित होगा। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रहेगी। राज्योत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी के स्टॉल लगाए जाएंगे। शासकीय कार्यालयों में 1 से 3 नवंबर तक रोशनी की जाएगी। श्री अग्रवाल ने संबंधित विभागों को आयोजन की तैयारियां समन्वय के साथ पूरी करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा में श्री अग्रवाल ने कहा कि अधिकारी आवेदकों से स्वयं चर्चा करें, उनकी समस्या समझें और निराकरण के बाद उन्हें इसकी जानकारी भी दें। इससे आवेदकों की संतुष्टि का स्तर बढ़ेगा। स्पेशल क्लोज़र वाले प्रकरणों का अनुपात 10 प्रतिशत से अधिक नहीं होना चाहिए।

धान खरीदी की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 14 नई समितियों सहित कुल 130 समितियों के माध्यम से धान खरीदी होगी। नई समितियों के लिए स्थल चयन कर लिया गया है। श्री अग्रवाल ने कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था, खरीदी स्थलों की साफ-सफाई, तराजू-बांट सहित निर्धारित 35 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार तैयारियों की रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। खाद्य अधिकारी ने बताया कि नए बारदाने प्राप्त हो चुके हैं और मिलर बारदानों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। श्री अग्रवाल ने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी तैयारियां 5 नवंबर से पहले पूरी कर ली जाएं।

बैठक में पीएम जनमन, ई-ऑफिस, उच्च न्यायालय में जवाब-दावा प्रस्तुत किए जाने वाले प्रकरणों तथा मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई। श्री अग्रवाल ने ई-अटेंडेंस का पालन सुनिश्चित करने और एसडीएम को अपने अनुविभाग में इन विषयों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। ई-कर्मयोगी के अंतर्गत विभाग के लिए निर्धारित प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करने को कहा गया। बताया गया कि ये प्रशिक्षण सीआर, पदोन्नति और क्रमोन्नति के लिए अनिवार्य किए गए हैं। जल जीवन मिशन के कार्यों और भुगतान की समीक्षा में उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों के ठेकेदारों का भुगतान शीघ्र करने के निर्देश दिए। भुगतान की प्रगति में जिले के पिछड़ने पर संबंधित अधिकारियों को तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment