सक्षम जिला इकाई द्वारा अष्टावक्र जयंती और विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का किया गया आयोजन, मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार पुरस्कृत शिक्षिका सुनिता यादव

SARJU SAHU

October 11, 2026

सरिया। स्थानीय छात्रावास में सक्षम जिला इकाई सारंगढ़ के जिला सदस्यों द्वारा अष्टावक्र जयंती एवं विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका श्रीमती सुनीता यादव रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त प्रधान पाठिका एवं सक्षम जिला संयोजक श्रीमती सरिता सिदार ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती आयलिन मिंज थॉमस उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद संस्था एवं उपस्थित सदस्यों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि श्रीमती सुनीता यादव ने मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर अपने विचार रखते हुए कहा कि बच्चों का मानसिक स्वास्थ्य उनके जीवन भर के लक्ष्य और भविष्य निर्माण के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। वर्तमान में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, समाज एवं परिवार के बढ़ते तनाव तथा अत्यधिक प्रतियोगिता के दबाव का असर बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। एक शिक्षिका होने के नाते हम सबकी जिम्मेदारी है कि विद्यालय के बच्चों को पारिवारिक, सामाजिक, सोशल मीडिया और पढ़ाई के तनाव से मुक्त रखते हुए उन्हें लक्ष्य और सफलता प्राप्त करने में सहायता दें। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया की लत से दूर रहने, आसपास के दबाव के बावजूद पढ़ाई पर ध्यान देने और परीक्षा के समय शांत मन से अच्छे अंक प्राप्त करने के सुझाव दिए।

सक्षम जिला संयोजक श्रीमती सरिता सिदार ने अष्टावक्र जयंती के अवसर पर अष्टावक्र जी के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अष्टावक्र जी का शरीर आठ स्थानों से वक्राकार था, लेकिन उनकी बुद्धि, बल और ज्ञान समाज के लिए अद्वितीय था। उन्होंने गर्भ में ही अपने पिता की उच्चारण संबंधी त्रुटि को जान लिया था। पिता कहोड़ के बंदी द्वारा शास्त्रार्थ में पराजित होकर जल समाधि लेने के बाद उनका जन्म हुआ। बाल्यकाल में ही उन्होंने बंदी को शास्त्रार्थ में हराकर पिता की मृत्यु का बदला लिया और आगे चलकर महान ऋषि परंपरा के ज्ञानी बने। सरिता सिदार ने उनके जीवन से सीख लेने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की बात कही।

छात्रावास अधीक्षिका श्रीमती आयलिन मिंज थॉमस ने उपस्थित अतिथियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सबके लिए सौभाग्य की बात है कि अपने उत्कृष्ट कार्यों से पूरे जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करने वाली शिक्षिकाएं सुनीता यादव जी एवं सरिता सिदार जी आज इस संस्था में आईं। उनके विचारों और ज्ञान से संस्था की बच्चों को अभिभूत होने का अवसर मिला। इस अवसर पर उन्होंने अतिथियों के साथ संस्था की सभी छात्राओं को अपने खर्चे से स्पोर्ट्स ड्रेस दिलाई।

कार्यक्रम का संचालन सक्षम के बरमकेला ब्लॉक संयोजक श्रीमती डालिमा सिदार ने किया। उन्होंने श्रीमती सुनीता यादव को राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने और श्रीमती सरिता सिदार को राज्यपाल पुरस्कार मिलने पर श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सरिता सिदार, डालिका सिदार, अनिता उरांव, जयमंती भगत, संतोषी पैकरा, वीणा पटेल, आयलिन मिंज थॉमस, प्रशंसा सिंह सहित सक्षम के सदस्य उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment