राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में नवागढ़ ब्लॉक कांग्रेस ने काला दिवस मनाया। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
जांजगीर चांपा। नवागढ़ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के विरोध में नवागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को काला दिवस मनाकर विरोध प्रदर्शन किया। राछा चौक स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के नीचे आयोजित प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर और माथे पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौरव सिंह के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में काला दिवस से संबंधित पोस्टर लेकर नारेबाजी की। गौरव सिंह ने कहा कि कांग्रेस एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के मुद्दे का विरोध कर रही है। इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने दिल्ली में विरोध मार्च निकाला था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस द्वारा देशभर में काला दिवस मनाया जा रहा है।
गौरव सिंह ने कहा कि जब तक कांग्रेस की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती, तब तक पार्टी का विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि संविधान द्वारा दिए गए शांतिपूर्ण आंदोलन के अधिकार के तहत प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं के साथ दिल्ली पुलिस ने धक्का-मुक्की और मारपीट की। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर कांग्रेस का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े और काली पट्टी के साथ अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यक्रम में नगर पंचायत नवागढ़ के पूर्व अध्यक्ष भुवनेश्वर केशरवानी, युवा जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य ज्योति कश्यप, इतवारी खूंटे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।