बलौदाबाजार: सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, लैपटॉप और नकदी बरामद; दो साथी फरार

BIRENDRA KUMAR SEN

October 8, 2026

बलौदाबाजार: सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, लैपटॉप और नकदी बरामद; दो साथी फरार

बलौदाबाजार। जिले के लवन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरदा में सूने मकान का ताला तोड़कर जेवरात, लैपटॉप और नकदी पार करने वाले दो शातिर चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से ₹28,000 मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया है, जबकि वारदात में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में लवन पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस के अनुसार, ग्राम मरदा निवासी प्रार्थी सुनील कुमार जांगड़े (29) काम के सिलसिले में रायगढ़ गए हुए थे और उनके घर पर ताला लगा था। 28 सितंबर को जब वे लौटे, तो घर के मुख्य दरवाजे, अलमारी और बक्से का ताला टूटा मिला। अज्ञात चोर अंदर रखे एचपी कंपनी का लैपटॉप, सोने-चांदी के जेवरात, बर्तन और नकदी समेत लगभग ₹1,83,000 का सामान चोरी कर ले गए थे। प्रार्थी की शिकायत पर लवन थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही रुपेश कुमार साहू (35) और मोती यादव (32), दोनों निवासी ग्राम कोयदा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने और माल आपस में बांटने की बात कबूल कर ली।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से:

  • 01 नग HP कंपनी का लैपटॉप
  • ₹2,000 नगद
  • 02 नग पीतल हवला (गुंडी)
  • घटना में प्रयुक्त औजार (सब्बल, चिमटा व चटवा)

बरामद सामान की कुल कीमत करीब ₹28,000 आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, वहीं मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment