ग्राम रंगोरा में उत्साहपूर्वक मनाया गया 9वाँ राष्ट्रीय पोषण आहार दिवस: ‘हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ पर दिया गया जोर
रंगोरा(बया): ग्राम रंगोरा स्थित आंगनबाड़ी भवन में 9वें राष्ट्रीय पोषण आहार दिवस का आयोजन गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यादायिनी मां सरस्वती एवं भारत माता के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन व पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से सहभागिता दर्ज कराई।
इस वर्ष पोषण दिवस ‘हमारी आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी’ थीम के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक गौरी सिदार ने ग्रामीणों और महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों के शुरुआती विकास और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आंगनबाड़ी केंद्र सबसे सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बच्चों के समग्र शारीरिक व मानसिक विकास के लिए प्रारंभिक देखभाल, भोजन में विविधता तथा दैनिक आहार में पर्याप्त प्रोटीन शामिल करने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही केंद्रों में बच्चों को नियमित रूप से ताजा, पौष्टिक एवं गर्म पका हुआ भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग की एएनएम तेजकुमारी बरिहा एवं पर्यवेक्षक ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की पात्रता व लाभों से अवगत कराते हुए पात्र गर्भवती महिलाओं से इसका शत-प्रतिशत लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, नियमित टीकाकरण और एनीमिया की रोकथाम पर भी आवश्यक सुझाव दिए गए।
कार्यक्रम में वन समिति अध्यक्ष गजानंद पटेल, विरेन्द्र सेन तथा पंचायत सचिव भूषण नायक ने आंगनबाड़ी गतिविधियों में सामुदायिक भागीदारी को आवश्यक बताते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
आयोजन को सफल बनाने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता किरण बरिहा, जागेश्वरी भोय, मितानिन अमिता कंवर, गीता चौहान तथा सहायिका अंजली नेटी एवं लक्ष्मी बरिहा का योगदान सराहनीय रहा। इस दौरान मौली बाई, सुनीता यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।