छुरा/ गरियाबंद:- नगर के सार्वजनिक शीतला मंदिर में आगामी शारदीय नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी शीतला मां के दरबार में नवरात्रि पर्व के अवसर पर ज्योति कलश स्थापना सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर मंदिर समिति द्वारा आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
मंदिर समिति के अनुसार 11 अक्टूबर 2026, रविवार को अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:33 बजे से दोपहर 12:44 बजे तक ज्योति कलश स्थापना की जाएगी। इसके बाद 15 अक्टूबर को पंचमी श्रृंगार पूजा का आयोजन शाम 4 बजे किया जाएगा। इसी क्रम में 19 अक्टूबर को महाअष्टमी हवन दोपहर 3:30 बजे से होगा, जबकि 20 अक्टूबर को महानवमी के अवसर पर श्री जंवारा विसर्जन किया जाएगा।
नवरात्रि के दौरान मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अर्चना एवं आरती का आयोजन होगा। समिति द्वारा श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। साथ ही ज्योति कलश प्रज्वलित कराने वाले श्रद्धालुओं से मंदिर समिति द्वारा निर्धारित व्यवस्थाओं का पालन करने का आग्रह किया गया है।
सार्वजनिक शीतला मंदिर समिति, छुरा नगर द्वारा नवरात्रि पर्व को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से मां शीतला के दर्शन एवं धार्मिक आयोजनों में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।