बया-राजादेवरी-सोनाखान मार्ग की बदहाली पर फूटा आक्रोश: मरम्मत न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी–युधिष्ठिर नायक

BIRENDRA KUMAR SEN

September 30, 2026

बया-राजादेवरी-सोनाखान मार्ग की बदहाली पर फूटा आक्रोश: मरम्मत न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी–युधिष्ठिर नायक

सोनाखान/बलौदाबाजार:- छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद वीर नारायण सिंह की कर्मभूमि तथा परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की जन्मभूमि को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग—बया-राजादेवरी-सोनाखान—वर्तमान में बदहाली के दौर से गुजर रहा है। लंबे समय से उपेक्षित यह मार्ग अब न केवल पूरी तरह जर्जर हो चुका है, बल्कि राहगीरों और क्षेत्रीय ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।

सड़क की दुर्दशा पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने शासन-प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक ओर राज्य सरकार खुद को आदिवासी हितैषी बताने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर आदिवासी जननायक वीर नारायण सिंह की ऐतिहासिक भूमि तक पहुंचने वाला मुख्य मार्ग अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या से मुंह मोड़े बैठे हैं।

नायक ने बताया कि मार्ग पर बने पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि इस जानलेवा मार्ग तथा जर्जर पुल-पुलियों की तत्काल मरम्मत कराई जाए एवं नई सड़क के निर्माण की स्वीकृति दी जाए।

चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि शासन-प्रशासन ने इस समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया, तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्षेत्रवासियों के साथ मिलकर बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment