बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मारपीट व पथराव मामले में फरार हिंदू संगठन नेता ठाकुर राम सिंह एमपी के पन्ना से गिरफ्तार
बिलासपुर: मारपीट और पथराव के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हिंदू संगठन नेता ठाकुर राम सिंह को बिलासपुर पुलिस ने अंततः दबोच लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र के आधार पर अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए आरोपी को मध्यप्रदेश के पन्ना जिले से गिरफ्तार किया।
मित्र के घर में छिपा था आरोपी पुलिस से प्राप्त अधिकृत जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध क्रमांक 489/2026 के अंतर्गत की गई है। आरोपी राम सिंह ठाकुर घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की विशेष टीम ने सटीक लोकेशन ट्रैक कर उसे ग्राम माकरी कुठार, थाना बृजपुर, जिला पन्ना (म.प्र.) स्थित उसके मित्र धीरेंद्र पटेल के घर से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया।
वैधानिक कार्रवाई जारी पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध शहर में शांति भंग करने, मारपीट और पथराव जैसे संगीन मामलों में अपराध दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बिलासपुर लाया गया है, जहां उसके खिलाफ नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।