नागेश्वर साहू के नेतृत्व में कसडोल में ₹31.93 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन

SARJU SAHU

September 13, 2026

बलौदाबाजार । नगर पंचायत कसडोल में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू के नेतृत्व में नगर पंचायत क्षेत्र में ₹31.93 लाख की लागत से होने वाले दो महत्वपूर्ण ट्यूबलर पोल विस्तार कार्यों का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया गया।

भूमिपूजन के दौरान गायत्री चौक से कुफरताल तालाब तक ट्यूबलर पोल विस्तार कार्य (सिरपुर रोड) तथा शहीद वीर नारायण सिंह चौक से संजीवनी हॉस्पिटल तक ट्यूबलर पोल विस्तार कार्य बलार रोड का शुभारंभ किया गया।

इन विकास कार्यों के पूर्ण होने के बाद दोनों प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था में सुधार होगा। इससे रात्रि के समय आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी तथा सड़क पर सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। नगरवासियों को इन कार्यों का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने कहा कि कसडोल का समग्र विकास तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रमुख मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था के विस्तार से नागरिकों को सुविधा मिलने के साथ ही रात में आवागमन अधिक सुरक्षित होगा।

उन्होंने कहा कि नगरवासियों की आवश्यकता और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जाएगा। जनसुविधाओं का विस्तार और कसडोल का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कसडोल को बेहतर, सुविधायुक्त एवं व्यवस्थित नगर बनाने के लिए विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल, सांसद प्रतिनिधि संतोष वैष्णो, पार्षद सुंदर साहू, संजय साहू, भगवती साहू, भानू साहू एवं अजय साहू, एल्डरमेन राजेन्द्र श्रीवास, गोटी लाल साहू, हेमलाल साहू, सेवक साहू एवं राजा पाठक, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी, संबंधित ठेकेदार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment