बलौदाबाजार: पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू और डंडे से जानलेवा हमला, हथबंद पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को दबोचा
बलौदाबाजार। जिले के थाना हथबंद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नवापारा में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू और बांस के डंडे से प्राणघातक हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हथबंद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नवापारा निवासी प्रार्थी सतीश कुमार महिलांग को 9 सितंबर की शाम पड़ोसी अरुण महिलांग ने अपने घर के बाहर बुलाया। वहां पहुंचते ही पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी अरुण और उसके रिश्तेदार राजू बघेल ने सतीश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से सतीश के गले, पसली, बांह और कोहनी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद दरवाजा बंद कर बांस के डंडे से सिर पर हमला कर दिया, जिससे सतीश लहुलुहान हो गया। प्रार्थी किसी तरह जान बचाकर भागा, जिसके बाद डायल 112 की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने धारा 109(1), 118(1), 127(2), 296, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। हथबंद पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और बांस का डंडा भी जप्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
- अरुण महिलांग (23 वर्ष), निवासी ग्राम नवापारा, थाना हथबंद (बलौदाबाजार)
- राजू बघेल (28 वर्ष), निवासी ग्राम चंगोरी, थाना तिल्दा नेवरा (रायपुर)