ग्रामीणों के आरोपों पर दिनभर खंगाले गए दस्तावेज, मौके पर भी पहुंची जांच टीम; रात तक चली पड़ताल
पलारी। बलौदा बाजार जिला के पलारी जनपद के ग्राम पंचायत गैतरा में सरपंच और सचिव पर लगाए गए लाखों रुपए के कथित गबन और पंचायत कार्यों में अनियमितता के आरोपों ने अब तूल पकड़ लिया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद विभागीय अधिकारी शुक्रवार को जांच के लिए गांव पहुंचे। टीम ने ग्रामीणों से एक-एक कर शिकायत की जानकारी ली और इसके बाद ग्रामीणों के बताए स्थानों पर पहुंचकर पंचायत के कामों का मौके पर जायजा लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि मूलभूत सुविधाओं के लिए पंचायत को मिली राशि के खर्च में गड़बड़ी की गई है। पंचायत में कराए गए विभिन्न कार्यों और उनके भुगतान को लेकर भी ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। शिकायत में लाखों रुपए के कथित गबन और पंचायत कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों के सामने हुई राशि और कार्यों की पड़ताल
शिकायत के बाद गांव पहुंची जांच टीम ने पंचायत से जुड़े रिकॉर्ड और राशि के खर्च की जानकारी खंगाली। ग्रामीणों की मौजूदगी में कई बिंदुओं पर जांच की गई। बताया जा रहा है कि जांच की प्रक्रिया रात तक चलती रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों के बताए स्थानों पर जाकर मौके की स्थिति भी देखी, ताकि रिकॉर्ड में दर्ज कार्यों और जमीन पर हुए काम की स्थिति का मिलान किया जा सके।
जांच के बाद खुलेगा गड़बड़ी का राज
फिलहाल ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों की विभागीय स्तर पर जांच चल रही है। ऐसे में जांच पूरी होने से पहले आरोपों की पुष्टि नहीं मानी जा सकती अब जांच रिपोर्ट पर सबकी नजर है। दस्तावेजों की जांच और मौके के निरीक्षण के बाद ही साफ होगा कि पंचायत की राशि के खर्च में वास्तव में कोई गड़बड़ी हुई है या नहीं।
इधर ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और पूरी जांच होनी चाहिए। उनका कहना है कि जांच में यदि सरपंच, सचिव या किसी अन्य की भूमिका सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह है कि विभागीय जांच में ग्रामीणों के आरोप सही साबित होते हैं या मामला कुछ और निकलकर सामने आता है।
