कलयुगी बेटे ने डंडे से पीट-पीटकर की मां की हत्या, पिता के साथ मिलकर कर रहा था अंतिम संस्कार की तैयारी; दोनों गिरफ्तार
कोसीर: ग्राम डडाईडीह में रिश्तों को तार-तार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी बेटे ने मामूली घरेलू विवाद में अपनी ही मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने और बिना पुलिस को बताए अंतिम संस्कार करने की साजिश रच रहे आरोपी बेटे और उसके पिता को कोसीर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका बृतबाई बरेठ और उनके 24 वर्षीय बेटे सोहन बरेठ के बीच किसी बात को लेकर घरेलू विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि तैश में आकर सोहन ने अपनी मां पर लकड़ी के डंडे और पीढ़े से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हत्या के बाद आरोपी बेटे ने खून के निशान धोने के लिए मां के शव को नहलाया और उसे खटिया पर लिटा दिया। इसके बाद उसने अपने पिता सम्पत बरेठ (57 वर्ष) के साथ मिलकर पुलिस को बिना भनक लगे शव का आनन-फानन में अंतिम संस्कार करने की योजना बनाई। हालांकि, परिजनों की संदिग्ध हरकतों को देखकर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने तुरंत कोसीर थाना पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा, पीढ़ा और वारदात के वक्त पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं।
कोसीर पुलिस ने आरोपी सोहन बरेठ और सम्पत बरेठ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 238(क) (साक्ष्य मिटाना) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।