बिलाईगढ़। शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए शासकीय प्राथमिक शाला मड़कड़ी के शिक्षक हेमंत श्रीवास का चयन राज्यपाल पुरस्कार के लिए किया गया है। उन्हें 5 सितंबर 2026 को छत्तीसगढ़ राजभवन, रायपुर में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
नवाचार के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट कार्य करने के कारण हेमंत श्रीवास का चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए हुआ है। उनके चयन से नगर पंचायत पवनी के साथ-साथ बिलाईगढ़ क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। यह उपलब्धि उनके निरंतर रचनात्मक प्रयासों, शिक्षा के प्रति समर्पण और जरूरतमंद बच्चों के लिए किए जा रहे कार्यों का परिणाम है।
हेमंत श्रीवास इससे पूर्व मुख्यमंत्री गौरव अलंकरण सम्मान से भी सम्मानित हो चुके हैं। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए टी.एल.एम., जादुई पिटारा खिलौना संग्रहालय का निर्माण तथा कठपुतली कला के माध्यम से शिक्षा प्रदान करने जैसे अभिनव कार्य किए हैं। उनकी नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति को देखते हुए राज्यपाल पुरस्कार के लिए उनका चयन किया गया है।
एक नवाचारी शिक्षक के रूप में हेमंत श्रीवास ने विद्यालय में बच्चों की शैक्षणिक एवं रचनात्मक क्षमताओं के विकास के लिए कई उल्लेखनीय पहल की हैं। विद्यालय में समयबद्धता और अनुशासन को महत्व देते हुए वे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
विद्यार्थियों को केवल पाठ्य पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर खेल, कला, सांस्कृतिक गतिविधियों, रचनात्मक लेखन, डिजिटल शिक्षा और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि विकसित करने, प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने की दिशा में भी उन्होंने निरंतर कार्य किया है।
विद्यालयीन गतिविधियों में बच्चों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उनमें जिम्मेदारी, सहयोग, अनुशासन और सामाजिक सरोकार की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
हेमंत श्रीवास का मानना है कि हर बच्चे में एक विशेष प्रतिभा होती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानकर उचित अवसर देने की है। इसी सोच के साथ वे शिक्षा को अधिक आनंददायी, रचनात्मक और जीवनोपयोगी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रहे हैं।
हेमंत श्रीवास के राज्यपाल पुरस्कार के लिए चयन पर विकास खंड शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण साहू, कृष्ण कुमार नागेश, महेश प्रसाद साहू, ईश्वर साहू, अरुण साहू, योगेन्द्र पड़वार, प्रदीप साहू, ललिता साहू, वेदप्रकाश साहू, दिनेश साहू, खेमराज साहू, गिरीश साहू, कोमल साहू, नरेन्द्र साहू, पारेश्वर वैष्णव, पदमन साहू, रमाशंकर श्रीवास, संदीप श्रीवास सहित पवनी के सभी शिक्षक एवं मित्रगणों ने हर्ष व्यक्त किया।
नगर पंचायत पवनी के अध्यक्ष कुलदीपक साहू, शाला परिवार से भैया राम पाटले, राजकुमार वर्मा, संतोष साहू, पुष्पेन्द्र साहू, विजय देवांगन, चुरामनी साहू, परदेशी लाल दिव्य, मड़कड़ी के सरपंच सौखी बाई-नन्दू लाल पटेल, जनपद सदस्य अशोक पटेल, बड़े भैया महेन्द्र श्रीवास एवं क्षेत्रवासियों ने हेमंत श्रीवास को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।