सांकरा जोंक नदी के पुराने पुल पर कार-बाइक में भीषण भिड़ंत, दोनों वाहन नदी में गिरे; 1 की मौत, 1 लापता

BIRENDRA KUMAR SEN

August 30, 2026

सांकरा जोंक नदी के पुराने पुल पर कार-बाइक में भीषण भिड़ंत, दोनों वाहन नदी में गिरे; 1 की मौत, 1 लापता

सांकरा/महासमुंद। सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत जोंक नदी के पुराने पुल पर  आज 30 अगस्त को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहन पुल से सीधे नदी में जा गिरे। दुर्घटना के वक्त कार में 4 और बाइक में 3 लोग सवार थे। हादसे में कार चालक की डूबने से मौत हो गई, जबकि एक बाइक सवार अभी भी लापता है।

रेस्क्यू टीम ने 4 लोगों को सुरक्षित निकाला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सांकरा बस्ती से बल्दीडीह की ओर जा रही वैगनआर कार और सामने से आ रही बाइक (क्रमांक CG 06 HD 3580) की जोंक नदी के पुराने पुल पर आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे उफनती नदी में जा गिरे।

घटना की सूचना मिलते ही सांकरा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार सवार मुकेश बारीक, रोशन चौहान और सुनील जगत (सभी निवासी दूधिपाली, थाना बसना) तथा बाइक सवार विशाली साहू (निवासी ग्राम गबौद, चौकी बार, बलौदाबाजार) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

एक की मौत, लापता बाइक चालक की तलाश जारी हादसे में कार चालक राजकुमार निषाद (42 वर्ष), पिता तेजराम निषाद, निवासी दूधिपाली की पानी में डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे भगीरथी साहू (55 वर्ष), पिता मयाराम साहू, निवासी बारनवापारा हादसे के बाद से लापता हैं। पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में उनकी लगातार तलाश कर रही है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और लापता व्यक्ति की खोजबीन के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment