रक्षाबंधन पर पुलिस जवानों के प्रति जताया सम्मान और आभार, साइबर ठगी से बचाव को लेकर किया जागरूक,
छुरा/ गरियाबंद :- रक्षाबंधन के पावन अवसर पर वनबंधु परिषद एकल अभियान एवं एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन महिला सशक्तिकरण के संयुक्त तत्वावधान में छुरा थाना परिसर में रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान एकल अभियान से जुड़ी आचार्य दीदियों ने थाना परिसर पहुंचकर पुलिस जवानों एवं पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान बहनों ने पुलिस जवानों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए समाज एवं देश की सुरक्षा में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस जवान लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए लोगों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
थाना प्रभारी ने दी साइबर अपराध से बचाव की जानकारी,
रक्षाबंधन कार्यक्रम के अवसर पर छुरा थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल ने उपस्थित लोगों को साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने मोबाइल फोन, सोशल मीडिया और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की।
उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, फर्जी कॉल से सावधान रहने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी एवं अन्य निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर ठगी के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित माध्यम से शिकायत करने के लिए जागरूक किया।
पुलिस और समाज के बीच मजबूत हुआ स्नेह का रिश्ता,
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस जवानों और समाज के बीच भाई-बहन के स्नेह, विश्वास, सम्मान एवं सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना रहा। रक्षाबंधन के इस आयोजन ने पुलिस जवानों और एकल अभियान से जुड़ी बहनों के बीच आत्मीयता और अपनत्व का भाव भी बढ़ाया।
इस अवसर पर एकल अभियान से जुड़े कार्यकर्ता, आचार्य दीदियां एवं छुरा थाना स्टाफ उपस्थित रहे।