साइबर जागृति अभियान: बलौदा के कुरमा में जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

SARJU SAHU

August 27, 2026

बलौदा। साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुरमा के शासकीय प्राथमिक शाला प्रांगण में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों और विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराधों से बचाना और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सजग बनाना था।

कार्यक्रम में पुलिस विभाग से एएसआई कौशल प्रसाद सिदार ने विशेष रूप से भाग लिया। इस अवसर पर सरपंच बलाराम खूंटे, उपसरपंच करुणा/विनोद मिरी, पंचगण गुलाब खूंटे, जय आनंद, रंजू गिर, ग्राम के गणमान्य नागरिक सुखचैन मिरी, सत्रुहन पाटले, कोटवार हरदास महंत तथा विद्यालय के शिक्षक महेन्द्र कुमार अनंत सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर फ्रॉड कॉल, ऑनलाइन ठगी और अन्य साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी मैसेज और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।

विशेष रूप से लोगों को यह सलाह दी गई कि वे अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और यदि किसी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या धोखाधड़ी का सामना करना पड़े तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। इस दौरान डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया।

इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने हेतु उन्हें शिक्षित करना था, ताकि वे भविष्य में किसी भी प्रकार के साइबर खतरे से स्वयं को बचा सकें। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment