बैकुंठपुर/कोरिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) की बैकुंठपुर इकाई ने आईसेक्ट कॉलेज मढ़टीपारा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। विद्यार्थी संगठन ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों से मोटी रकम लेकर न तो उनकी परीक्षा ली और न ही प्रमाणपत्र दिए।
ज्ञापन के अनुसार, सत्र 2024 के करीब 65 विद्यार्थियों से परीक्षा और प्रशिक्षण के नाम पर प्रति छात्र 20 हजार रुपये वसूले गए। वहीं सत्र 2025 के लगभग 30 विद्यार्थियों से 10-15 हजार रुपये तक लिए गए। अभाविप का कहना है कि इसके बाद भी विद्यार्थियों को न परीक्षा दिलाई गई और न प्रमाणपत्र दिया गया, जिससे उनके भविष्य पर संकट आ गया है।
अभाविप ने कलेक्टर से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की जाए और विद्यार्थियों की वसूली गई राशि वापस कराई जाए।
नगर मंत्री नीरज राजवाड़े ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर अभाविप के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संगठन ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।