खाद्य विभाग की छापेमारी, गैस एजेंसी में लाखों रुपए की अनियमितता उजागर

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

August 29, 2025

जिला ब्यूरो चीफ/तोषन प्रसाद चौबे

बलौदाबाजार, 29 अगस्त 2025।
जिले में घरेलू गैस सिलेण्डरों के अवैध भण्डारण एवं अधिक मूल्य पर विक्रय की शिकायतों पर खाद्य विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश एवं जिला खाद्य अधिकारी पुनीत वर्मा के मार्गदर्शन में सहायक खाद्य अधिकारी विजय कुमार किरण, लक्ष्मण कश्यप, खाद्य निरीक्षक कमलनारायण साहू एवं शीतलेश यादव की टीम ने बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में छापेमारी की।

जांच में मेसर्स माँ महामाया एचपी गैस एजेंसी, करमदा में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं पाई गईं। एजेंसी में लगभग 6 लाख 33 हजार 536 रुपए मूल्य के 233 गैस सिलेण्डर अनियमित रूप से संग्रहित पाए गए।

खाद्य विभाग ने एजेंसी की संचालिका सुनीता अग्रवाल एवं प्रबंधक तामेश वर्मा के विरुद्ध द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश 2000 के तहत कार्यवाही की है। एजेंसी को नोटिस जारी किया जाएगा।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेण्डर के अवैध भण्डारण एवं वितरण में अनियमितता करने वालों पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment