सुरंग टीला में शुरू होगा लाइट एंड साउंड शो, 34 गांवों के लोक कलाकारों सहित राष्ट्रीय स्तर के कलाकार देंगे प्रस्तुति
रायपुर। छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, पुरातात्त्विक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से महासमुंद जिले की ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में 20 से 22 फरवरी 2027 तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। ‘संगीति’ की अवधारणा पर आधारित इस महोत्सव में इतिहास, अध्यात्म, कला, संस्कृति और पर्यटन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आयोजन को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए शासन के विभिन्न विभागों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर ने आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की। सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
सुरंग टीला में लाइट एंड साउंड शो से जीवंत होगी सिरपुर की गौरवगाथा
सिरपुर महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण ऐतिहासिक सुरंग टीला में शुरू होने वाला प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम होगा। इस विशेष प्रस्तुति के माध्यम से सिरपुर के गौरवशाली इतिहास, पुरातात्त्विक धरोहर और प्रसिद्ध चीनी यात्री ह्वेनसांग की सिरपुर यात्रा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को रोचक अंदाज में प्रदर्शित किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। खास बात यह है कि महोत्सव समाप्त होने के बाद भी पर्यटकों के लिए इसका नियमित संचालन जारी रखने की योजना है।
34 गांवों के लोक कलाकारों को मिलेगा विशेष मंच
महोत्सव में छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और पारंपरिक नृत्य विधाओं को विशेष महत्व दिया जाएगा। इसके तहत 34 गांवों के पारंपरिक नृत्य दलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय कलाकारों के लिए अलग मंच और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन उनकी गुणवत्ता, विविधता और महोत्सव की थीम के अनुरूप किया जाएगा।
योग, ध्यान से लेकर एडवेंचर टूरिज्म तक होंगे आकर्षण
सिरपुर महोत्सव को केवल सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए पर्यटन की दृष्टि से भी विशेष आकर्षण का केंद्र बनाने की तैयारी है। महोत्सव में प्रदर्शनी, योग, ध्यान और पतंग उत्सव जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इसके साथ ही पर्यटकों के लिए तंबू नगरी, गर्म हवा के गुब्बारे की सवारी, नौका विहार और साहसिक खेलों जैसी गतिविधियों की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। इन गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन, आवश्यक अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रंगीन रोशनी से जगमगाएंगे ऐतिहासिक स्मारक
महोत्सव के दौरान सिरपुर के ऐतिहासिक स्मारकों को आकर्षक प्रकाश व्यवस्था से सजाने की योजना बनाई गई है। भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण से आवश्यक अनुमति लेकर संरक्षित स्मारकों की भव्यता को विशेष रोशनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा महोत्सव और ऐतिहासिक धरोहरों का व्यावसायिक छायांकन एवं दृश्यांकन भी कराया जाएगा। इन अभिलेखों का उपयोग सिरपुर के पर्यटन प्रचार-प्रसार के साथ यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में नामांकन संबंधी दस्तावेजों के लिए संभावित रूप से किया जा सकेगा।
सिरपुर पर बनेगी विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म
सिरपुर महोत्सव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल द्वारा विशेष वृत्तचित्र फिल्म तैयार की जाएगी। इसे दिसंबर 2026 के अंत तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। फिल्म का प्रसारण विभिन्न संचार माध्यमों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए किया जाएगा, ताकि सिरपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।
पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा रहेगी प्राथमिकता
तीन दिवसीय महोत्सव में आने वाले पर्यटकों, अतिथियों और प्रतिनिधियों के आवास, आवागमन एवं सुरक्षा को लेकर विशेष कार्ययोजना बनाई जाएगी। इसके लिए आसपास के होटल और पर्यटन विश्रामगृहों का निरीक्षण कर उनकी क्षमता एवं उपलब्ध सुविधाओं का आकलन किया जाएगा। आयोजन स्थलों के चयन में सुगम पहुंच, पर्याप्त जगह और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में पिछले वर्ष के आयोजन से मिले अनुभवों के आधार पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। साथ ही महोत्सव के लिए विज्ञापन एवं प्रायोजन की संभावनाएं तलाशने और जिला प्रशासन को आवश्यक बजट प्रस्ताव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए।
समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश
पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने और नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से कार्यों की प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए।
बैठक में संस्कृति एवं राजभाषा विभाग के संचालक डॉ. संजय कन्नौजे, सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर, महासमुंद जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के उप सचिव अभिषेक गुप्ता सहित पर्यटन, पुरातत्त्व एवं संस्कृति विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
सिरपुर महोत्सव 2027 छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक विरासत, लोक संस्कृति और पर्यटन को एक व्यापक मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन साबित होने की उम्मीद है।


