बारनवापारा जंगल में दुर्लभ काले हिरण की मौत

TEJASWI NATH SONI

November 20, 2026

रामपुर बीट क्रमांक 127 में मिला वन्यजीव का शव, वन विभाग ने कराया पोस्टमार्टम; रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण

 

बलौदाबाजार। बारनवापारा वन परिक्षेत्र के रामपुर बीट क्रमांक 127 में एक दुर्लभ वन्यजीव काले हिरण (ब्लैकबक) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिरण पर आवारा कुत्तों के झुंड या किसी अन्य वन्यजीव द्वारा हमला किए जाने की आशंका है। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बाद हिरण की मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत हिरण के शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। वन अमले ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया।

 

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम

 

जानकारी के अनुसार, घटना की खबर मिलने पर बारनवापारा वन परिक्षेत्र अधिकारी रूपेश्वरी दीवान और बीट गार्ड रोशन निषाद अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वन विभाग द्वारा मृत हिरण का पशु चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

तेंदुए या आवारा कुत्तों के हमले की आशंका

 

इस संबंध में वन परिक्षेत्र अधिकारी रूपेश्वरी दीवान ने बताया कि काले हिरण की मौत तेंदुए (लेपर्ड) अथवा कुत्तों के काटने से होने की आशंका है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

 

वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता

 

बारनवापारा वन क्षेत्र में काले हिरण की मौत की घटना के बाद वन्यजीव प्रेमियों ने जंगल के आसपास आवारा कुत्तों की बढ़ती आवाजाही और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का खुलासा होने का इंतजार है। साथ ही वन क्षेत्र में आवारा कुत्तों की आवाजाही रोकने और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए वन विभाग की ओर से उठाए जाने वाले कदमों पर भी लोगों की नजर रहेगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment