महासमुंद में अवैध धान भंडारण पर प्रशासन का बड़ा कार्रवाई, चार ठिकानों से 1,000 कट्टा से अधिक धान जब्त

SARJU PRASAAD SAHU

November 17, 2026

कोमाखान, सरायपाली और बसना क्षेत्र में संयुक्त टीम की कार्रवाई, जब्त धान मंडी विभाग को सौंपा गया

महासमुंद। 17 नवंबर 2026 जिले में अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 16 एवं 17 नवंबर को जिले के चार अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए लगभग 1,000 कट्टा से अधिक अवैध रूप से संग्रहित धान जब्त किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार को तहसील कोमाखान अंतर्गत ग्राम करहीडीह निवासी प्रेषण साहू की बाड़ी में लगभग 500 कट्टा रबी धान अवैध रूप से संग्रहित पाया गया। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर धान जब्त किया और उसे मंडी विभाग के सुपुर्द कर दिया।

वहीं मंगलवार को सरायपाली अनुविभाग के ग्राम बालसी में लगभग 280 कट्टा रबी धान अवैध रूप से संग्रहित पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई की गई। इसी गांव में फुटकर व्यापारी अनिल अग्रवाल के गोदाम से भी 120 कट्टा अवैध धान बरामद किया गया। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सरायपाली के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने नियमानुसार कार्रवाई की।

इसके अलावा तहसील बसना अंतर्गत ग्राम कुदारीबहरा में सुदर्शन बड़हिया के घर से ओडिशा से लाकर रखा गया 100 पैकेट धान जब्त किया गया। जब्त धान को नियमानुसार मंडी विभाग के सुपुर्द किया गया है।

इस तरह जिले में चार अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में कुल लगभग 1,000 कट्टा से अधिक धान जब्त किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध धान भंडारण और परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने संबंधित अधिकारियों को धान के अवैध भंडारण, परिवहन एवं अन्य अनियमित गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और शासन के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment