चकरभाठा में धूमधाम से मनाई गई सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती, विचार गोष्ठी में सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का दिया संदेश

SARJU PRASAAD SAHU

November 11, 2026

विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में योगदान को किया याद, खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं का हुआ सम्मान

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ क्षत्रिय कुर्मी चेतना मंच के आंचलिक तत्वावधान में अनुराग विद्या मंदिर, चकरभाठा कैंप के सभा कक्ष में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर उनके विचारों, सिद्धांतों, कार्यकुशलता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता पर आधारित विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पहार अर्पित कर की गई। विचार गोष्ठी से पूर्व बालक-बालिकाओं एवं महिला विंग की ओर से रस्सी कूद, नींबू-चम्मच दौड़ और कुर्सी दौड़ जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संतोष कौशिक ने सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सूझबूझ, कुशल नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति से 565 रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हमें अपने महापुरुषों और पूर्वजों के योगदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए।

मुख्य वक्ता मनोज सनाढ्य ने सरदार पटेल के जीवन संघर्ष और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसान परिवार में जन्म लेने वाले सरदार पटेल ने कठिन संघर्ष के बाद इंग्लैंड में शिक्षा प्राप्त की और वकालत के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने खेड़ा सत्याग्रह और बारडोली आंदोलन के माध्यम से किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी, जिसके बाद उन्हें सरदार की उपाधि मिली। नमक सत्याग्रह और भारत छोड़ो आंदोलन में भी उन्होंने महात्मा गांधी का साथ दिया।उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद सरदार पटेल को देश की एकता और अखंडता बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी मिली। उन्होंने बिखरी हुई रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। प्रशासनिक सुधारों और कुशल कार्यशैली के माध्यम से उन्होंने देश की प्रशासनिक व्यवस्था को भी सुदृढ़ आधार प्रदान किया। उनके विचार आज भी हमें संगठित रहने, सामाजिक समरसता बनाए रखने और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम के संयोजक कृष्ण कुमार कौशिक ने विचार गोष्ठी की उपयोगिता एवं आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सरदार पटेल देश के महान प्रशासक और दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता थे। उनके जीवन से हमें अनुशासन, संगठन और राष्ट्रसेवा की सीख लेनी चाहिए।

वहीं श्रीमती माधुरी वर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया। कार्यक्रम में संतोष कौशिक, कृष्ण कुमार कौशिक, श्रीमती माधुरी वर्मा, मनोज सनाढ्य, देवेंद्र कौशिक एवं एल्डरमैन उमेद कौशिक मंचस्थ अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन संजय कुमार कौशिक एवं आभार प्रदर्शन श्रीमती मंजुला कौशिक ने किया।

इस अवसर पर केशव वर्मा, शशिकांत कौशिक, विनोद कुमार वर्मा, तामेश्वर सनाढ्य, योगेश कुमार कौशिक, कन्हैया कौशिक, अनामिका सनाढ्य, सत्या वर्मा, भुनेश्वर कौशिक, मोनिश कौशिक, तामेश कौशिक, गणेश कुमार कौशिक, नवनीत कुमार कौशिक, नवीन कुमार सनाढ्य, गार्गी सनाढ्य, अंशु कौशिक, नीली कौशिक, चंचल कौशिक, शिवम कुमार कौशिक, ओम कौशिक, मयंक वर्मा, कमला कौशिक, दमयंती कौशिक, समीक्षा वर्मा, मुक्ता कौशिक, सविता कौशिक, अर्नव कौशिक, ज्योत्स्ना वर्मा, त्रिवेणी कौशिक, सिमर कौशिक, आपूर्ति कौशिक, नीलू कौशिक, अक्षर कौशिक, स्मिता कौशिक एवं सौरभ कुमार कौशिक सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment