डीजे पर नाचने के दौरान शुरू हुई कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, एक युवक के सिर-माथे पर लोहे के चूड़ा से वार, बीच-बचाव करने पहुंचे युवक की कमर पर चाकू मारा ।
पलारी (बलौदाबाजार)
गौरी-गौरा विसर्जन की खुशियों के बीच धक्का लगने की बात पर ऐसा विवाद हुआ कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। डीजे की धुन पर नाच रहे युवकों के बीच शुरू हुई कहासुनी में लोहे के चूड़ा और चाकू से हमला किए जाने का आरोप है। हमले में तीन युवक घायल हो गए। घटना सोमवार शाम बाजार चौक के पास चमरी तालाब की है। मामले में पलारी पुलिस ने दो नामजद युवकों और उनके एक अन्य साथी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नाचने के दौरान धक्का लगने पर हुई कहासुनी
FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक, वार्ड क्रमांक 03 ठाकुर देव चौक निवासी लुकेश्वर निषाद (21) सोमवार शाम करीब 4 बजे अपने दोस्तों वेद कुमार निषाद, तोरन वर्मा और अन्य युवकों के साथ चमरी तालाब में गौरी-गौरा विसर्जन के लिए पहुंचा था। विसर्जन के बाद सभी युवक तालाब के पार डीजे की धुन पर नाच-गा रहे थे।
इसी दौरान पलारी निवासी दिशांत वर्मा और शैलू मानिकपुरी अपने एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंचे। नाचने के दौरान धक्का लगने की बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
दोस्त को बचाने पहुंचा तो कमर पर मारा चाकू
शिकायतकर्ता लुकेश्वर निषाद के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दिशांत वर्मा ने लोहे के चूड़ा से तोरन वर्मा के सिर और माथे पर वार कर दिया। वेद कुमार निषाद के सिर पर भी चूड़ा से हमला किया गया।
दोस्तों को घायल होते देख लुकेश्वर बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोप है कि शैलू मानिकपुरी ने पीछे से उसकी कमर पर चाकू से वार कर दिया। इस हमले में लुकेश्वर, वेद कुमार और तोरन घायल हो गए।
दो नामजद सहित तीन के खिलाफ अपराध दर्ज
घटना के बाद घायल युवक थाना पलारी पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने FIR क्रमांक 0460/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2), 118(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
FIR में घटना के गवाह के रूप में मनोज निषाद और लखेश्वर साहू के नाम दर्ज हैं। मामले की जांच प्रधान आरक्षक नरेश खुटे को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की तलाश की जा रही है।


