पिथौरा में जुए के फड़ पर पुलिस का बड़ा धावा, 9 जुआरी गिरफ्तार; 28 हजार रुपये की संपत्ति जब्त

SARJU PRASAAD SAHU

November 10, 2026

गौरा-गौरी चौक के पास खुले मैदान में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस ने 8 हजार रुपये नकद और 4 मोबाइल सहित ताश की गड्डी की जब्ती की

पिथौरा। महासमुंद जिले में अवैध गतिविधियों और जुआ-सट्टा के खिलाफ महासमुंद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पिथौरा पुलिस ने जुए के फड़ पर छापेमार कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये नकद, 4 मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश का एक सेट जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 28 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 10 नवंबर 2026 को थाना पिथौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड क्रमांक 05 स्थित गौरा-गौरी चौक, रामसागर पारा के पास खुले मैदान में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी और जुआ खेलते हुए 9 लोगों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चमन चौहान (24 वर्ष), त्रिलोचन दीवान (27 वर्ष), रामनाथ चौहान (54 वर्ष), मुकेश चौहान (23 वर्ष), सुमीत प्रजापति (29 वर्ष), उत्तम पांडे (28 वर्ष), फागुराम सेन (29 वर्ष), नीरज ताण्डी (28 वर्ष) और शशिकांत उर्फ बुटू (37 वर्ष), सभी जिला महासमुंद के पिथौरा क्षेत्र के निवासी, के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश का एक सेट, 8 हजार रुपये नकद तथा चार मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 20 हजार रुपये है, जब्त किए हैं। इस तरह कुल 28 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

मामले में थाना पिथौरा में अपराध क्रमांक 292/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस के अनुसार मामला अजमानतीय होने के कारण गिरफ्तार सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

महासमुंद पुलिस की आम नागरिकों से अपील

महासमुंद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि त्योहारों की खुशियों को जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की भेंट न चढ़ाएं। ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों की आड़ में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment