Basna News: बसना पुलिस ने फार्म हाउस में हुई ट्रैक्टर केजव्हील चोरी का किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

SARJU PRASAAD SAHU

November 2, 2026

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में बसना पुलिस ने फार्म हाउस में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 50 हजार रुपये कीमत के चार नग लोहे के ट्रैक्टर डबल केजव्हील बरामद किए गए हैं। वहीं, चोरी में इस्तेमाल किए गए छोटा हाथी (टाटा एस) वाहन को भी पुलिस ने जब्त किया है।

फार्म हाउस का दरवाजा तोड़कर चोरी की थी वारदात

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खुर्सीपहार निवासी शिवेन्द्र मिश्रा ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:20 बजे वे खाना खाने के बाद अपने पालतू कुत्ते को टहलाने फार्म हाउस की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें फार्म हाउस का दरवाजा तोड़ने की आवाज सुनाई दी। आवाज लगाने पर अज्ञात चोर छोटा हाथी वाहन में बैठकर बसना की ओर फरार हो गए।

इसके बाद फार्म हाउस के अंदर जाकर जांच करने पर वहां रखे चार नग लोहे के ट्रैक्टर डबल केजव्हील गायब मिले। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई। प्रार्थी की शिकायत पर थाना बसना में अपराध क्रमांक 612/2026 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से आरोपियों की हुई पहचान

चोरी की घटना की गंभीरता को देखते हुए बसना पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर पुलिस ने दो व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने फार्म हाउस से केजव्हील चोरी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान अफान खैरानी (21 वर्ष), पिता फिरदोस खैरानी, निवासी वार्ड क्रमांक 02 बसना और विवेक पटेल (19 वर्ष), पिता स्व. मुरलीधर पटेल, निवासी अरेकेलडीपा, थाना बसना के रूप में की है।

चार केजव्हील और चोरी में इस्तेमाल वाहन जब्त

आरोपी अफान खैरानी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए चारों लोहे के डबल केजव्हील, जिनकी कीमत 50 हजार रुपये है, बरामद कर लिए। इसके साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल छोटा हाथी वाहन क्रमांक CG 12 AW 5759 को भी गवाहों के समक्ष विधिवत जब्त किया गया।

दोनों आरोपियों को भेजा गया जेल

बसना पुलिस ने प्रकरण में धारा 305, 331(3), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को 2 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

जिला पुलिस महासमुंद द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बसना पुलिस की तत्परता से फार्म हाउस में हुई चोरी की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment