तेलासी स्कूल में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविर; बाल शोषण, बाल विवाह और साइबर अपराध से बचाव के बताए तरीके
तेलासी, 31 अक्टूबर। बच्चों के साथ होने वाले शोषण और अपराधों की रोकथाम के लिए शनिवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेलासी में विशेष विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। सुरक्षित बचपन अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और कानून की मदद लेने के तरीकों की जानकारी दी गई।
छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के तत्वावधान में तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलौदाबाजार-भाटापारा के मार्गदर्शन में हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री प्रतीक कांत ने बच्चों को जागरूक किया। शिविर में अधिवक्ता आशुतोष राठौर, एलएडीसीएपीएल कार्यालय के प्रबंधक ओजस अग्रवाल और पीएलवी शुकदेव सेन भी उपस्थित रहे।
शोषण हो तो चुप्पी नहीं, मदद लें
शिविर में बच्चों को बताया गया कि लैंगिक शोषण, हिंसा या किसी भी तरह की परेशानी होने पर चुप रहना जरूरी नहीं है। अपनी बात भरोसेमंद व्यक्ति तक पहुंचाएं और जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता लें। बाल विवाह की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
इन नंबरों को याद रखें
– 15100 — नालसा विधिक सहायता हेल्पलाइन
– 1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन
– 1930— साइबर अपराध हेल्पलाइन
– 112 — आपातकालीन सहायता
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना और किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में सही समय पर सहायता लेने के लिए प्रेरित करना रहा।


