शिक्षा, योग, स्काउटिंग, साहित्य एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए रायपुर में किया गया सम्मानित
छुरा /गरियाबंद :- नगर के प्रतिष्ठित शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा को शिक्षा, योग, स्काउटिंग, साहित्य, संस्कृति एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। सुप्रसिद्ध दैनिक समाचार पत्र दबंग स्वर के छठवें स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित वृंदावन सभागृह में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। उनकी इस उपलब्धि से छुरा नगर सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
सामाजिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था वक्ता मंच तथा दैनिक समाचार पत्र दबंग स्वर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाजहित, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति एवं जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को प्रोत्साहित करना रहा।
शिक्षा और समाजसेवा में उल्लेखनीय योगदान,
शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा ने अपने कार्यों के माध्यम से शिक्षा के प्रसार, विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, योग के प्रति जागरूकता तथा स्काउटिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ ही साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय सहभागिता ने उन्हें क्षेत्र में एक समर्पित शिक्षक और रचनात्मक व्यक्तित्व के रूप में विशिष्ट पहचान दिलाई है।
उनके बहुआयामी योगदान, कार्य के प्रति निष्ठा और सामाजिक प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। यह उपलब्धि उनके वर्षों के परिश्रम और समर्पण का सम्मान होने के साथ-साथ अन्य शिक्षकों एवं युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
माता-पिता, गुरुजनों और शुभचिंतकों को दिया श्रेय,
सम्मान प्राप्त करने पर अर्जुन धनंजय सिन्हा ने वरिष्ठ साहित्यकार एवं वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते, प्रधान संपादक पं. पी.के. तिवारी, संयोजक शुभम साहू तथा सभी आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता डॉ. के.आर. सिन्हा एवं राम बाई सिन्हा, कला कुमार सिन्हा, विमला सिन्हा तथा सभी गुरुजनों और बड़े-बुजुर्गों के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद को दिया।
गणमान्य नागरिकों ने दी बधाई,
अर्जुन धनंजय सिन्हा को ‘छत्तीसगढ़ गौरव अवॉर्ड’ मिलने पर साहित्यकार ललित साहू, देवनारायण यदु, भारत स्वाभिमान न्यास के जिलाध्यक्ष संतराम कंवर, ठेठवार यादव समाज के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं नवाचारी शिक्षक शंकर लाल यदु, श्रीराघवेंद्र मानस संघ के अध्यक्ष जागेश्वर ध्रुव, उपाध्यक्ष रोहित जगत, सहसचिव खोरबाहरा निषाद, शाकंभरी मरार समाज के प्रांतीय संचालक हेमलाल पटेल, नेशन्स प्राइड पब्लिक स्कूल के प्राचार्य संतोष निषाद एवं कृष्णेश यदु सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
अर्जुन धनंजय सिन्हा की यह उपलब्धि छुरा नगर के लिए गौरव का विषय है। उनका सम्मान शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक योगदान देने की प्रेरणा देता है।


