टी-शर्ट, कैप, सीटी और रेडियम जैकेट देकर किया अधिकृत; सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद और जन-जागरूकता बढ़ाने की भी मिली जिम्मेदारी
गरियाबंद :- जिले में यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए गरियाबंद पुलिस ने जनभागीदारी की दिशा में नई पहल शुरू की है। इसके तहत पुलिस के साथ स्वेच्छा से जुड़कर यातायात प्रबंधन में सहयोग करने के इच्छुक जागरूक युवाओं को ‘ट्रैफिक वार्डन’ के रूप में अधिकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को यातायात नियमों का प्रशिक्षण देने के साथ ही आवश्यक सुरक्षा सामग्री भी वितरित की गई।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कर्ण कुमार उके, डीएसपी (यातायात एवं साइबर) सुश्री लितेश सिंह तथा यातायात प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक रामाधार मरकाम उपस्थित रहे।
यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा का दिया प्रशिक्षण,
कार्यक्रम में डीएसपी सुश्री लितेश सिंह एवं सहायक उपनिरीक्षक रामाधार मरकाम ने युवाओं को यातायात के बुनियादी नियमों, सड़क संकेतों और सड़क सुरक्षा मानकों की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि भीड़भाड़ वाले चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर संबंधित थाना प्रभारी के समन्वय से यातायात व्यवस्था सुचारू बनाने में सहयोग करना है।
इसके साथ ही सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल नजदीकी थाना एवं डायल 112 को सूचना देने और घायलों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
टी-शर्ट, कैप और रेडियम जैकेट वितरित,
गरियाबंद पुलिस ने सेवा भावना से जुड़े युवाओं को ट्रैफिक वालंटियर/ट्रैफिक वार्डन के रूप में अधिकृत करते हुए उनकी पहचान एवं सुरक्षा के लिए टी-शर्ट, कैप, सीटी और रेडियम जैकेट प्रदान की। इन सामग्रियों के माध्यम से ड्यूटी के दौरान उनकी पहचान सुनिश्चित करने और यातायात प्रबंधन में सहयोग को व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया गया है।
‘राह-वीर’ और ‘पीएम राहत योजना’ का करेंगे प्रचार-प्रसार,
प्रशिक्षण के दौरान ट्रैफिक वार्डनों को सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद से संबंधित ‘राह-वीर योजना’ (गुड सेमेरिटन) और ‘पीएम राहत योजना’ के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। उन्हें आम नागरिकों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि दुर्घटना के समय लोग भय या झिझक के बिना घायलों की सहायता के लिए आगे आएं।
जनसहयोग से बेहतर यातायात व्यवस्था बनाने की पहल,
गरियाबंद पुलिस ने युवाओं के सेवा भाव की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि इस पहल से यातायात प्रबंधन में जनभागीदारी बढ़ेगी। ट्रैफिक वार्डन पुलिस के साथ समन्वय बनाकर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने, सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दुर्घटना के समय त्वरित सूचना एवं सहायता सुनिश्चित करने में योगदान देंगे।
गरियाबंद पुलिस की इस पहल का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी से सुरक्षित यातायात व्यवस्था को बढ़ावा देना और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।


