बिलासपुर। 21 अक्टूबर 2026 छत्तीसगढ़ की श्री रामलला दर्शन योजना के तहत बुधवार को बिलासपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालु आस्था स्पेशल ट्रेन से अयोध्या धाम के लिए रवाना हुए। जांजगीर-चांपा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े और बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर जय श्रीराम के जयघोष गूंजते रहे। गाजे-बाजे, पारंपरिक नृत्य और पुष्प वर्षा के साथ श्रद्धालुओं को विदाई दी गई।
मुख्यमंत्री की पहल से साकार हो रहा रामलला दर्शन का सपना
इस अवसर पर सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन का अवसर मिल रहा है। श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी इस योजना की सार्थकता को दर्शाती है।
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि श्री रामलला दर्शन योजना लोगों की आस्था और विश्वास का सम्मान है। उन्होंने श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनकी सुखद और मंगलमय यात्रा की कामना की।
अयोध्या के साथ काशी विश्वनाथ के भी करेंगे दर्शन
आस्था स्पेशल ट्रेन से रवाना हुए श्रद्धालु अयोध्या धाम में श्री रामलला के दर्शन के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर में भी पूजा-अर्चना करेंगे। श्रद्धालुओं ने बताया कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण उनके लिए तीर्थयात्रा करना कठिन था, लेकिन शासन की इस योजना से उनका वर्षों पुराना सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
यात्रा के लिए शासन ने की विशेष व्यवस्था
श्री रामलला दर्शन योजना के तहत श्रद्धालुओं के आने-जाने, ठहरने, मंदिर दर्शन, नाश्ते और भोजन की व्यवस्था शासन की ओर से की गई है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए यात्रा सहयोगी, सुरक्षाकर्मी और चिकित्सकों का दल भी साथ रहेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत सभापति भारती नीरज माली, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


