खेत से सोलर पंप व केबल चोरी मामले का खुलासा: बसना पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा, चोरी का सामान व बाइक जब्त

BIRENDRA KUMAR SEN

October 7, 2026

खेत से सोलर पंप व केबल चोरी मामले का खुलासा: बसना पुलिस ने दो नाबालिगों को पकड़ा, चोरी का सामान व बाइक जब्त

महासमुंद / बसना: जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों और चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम गिधामुड़ा में एक किसान के खेत से सोलर पंप, केबल वायर चोरी करने और सोलर पैनलों में तोड़फोड़ करने वाले दो नाबालिगों (विधि से संघर्षरत बालकों) को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभिरक्षा में ले लिया है। उनके पास से चोरी गया सामान और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

खेत से पार कर दिया था पंप व केबल, पैनल भी तोड़े जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बेदलाल साव (निवासी ग्राम गिधामुड़ा) ने थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 28-29 सितंबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने उनके खेत में लगे सोलर पंप, पाइप और केबल वायर चोरी कर लिए हैं। साथ ही आरोपियों ने सोलर पैनलों पर पत्थर मारकर उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। प्रार्थी की शिकायत पर बसना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

सस्ते दाम में केबल बेचने की फिराक में थे आरोपी विवेचना के दौरान मुखबिर से पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि बस स्टैंड बसना के पास दो लड़के मोटरसाइकिल पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं और चोरी का तांबे का केबल वायर औने-पौने दामों में खपाने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही बसना पुलिस की टीम ने बिना वक्त गंवाए गवाहों के साथ मौके पर दबिश देकर दोनों संदिग्धों को घेराबंदी कर धर दबोचा।

पूछताछ में कबूला जुर्म, भेजे गए बाल संप्रेषण गृह पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने गिधामुड़ा स्थित खेत से चोरी करना स्वीकार कर लिया। जांच में दोनों आरोपी नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) पाए गए। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया केबल वायर, पंप तथा घटना में इस्तेमाल की गई बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 06 G 1743) विधिवत जब्त कर ली।

दोनों बालकों के विरुद्ध किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें किशोर न्याय बोर्ड (महासमुंद) के समक्ष पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा जा रहा है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment