महासमुंद। छत्तीसगढ़ सरकार के ‘हर घर जल’ संकल्प को आगे बढ़ाते हुए उपमुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री अरुण साव ने 23 सितंबर 2026 को महासमुंद जिले में जल जीवन मिशन के तहत पूर्ण हुई 24 ग्रामीण पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें 3 रेट्रोफिटिंग योजना और 21 एकल ग्राम योजना शामिल हैं। इन योजनाओं की कुल लागत 18.19 करोड़ रुपये है।
इन योजनाओं के शुरू होने से जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। लोकार्पण के बाद सभी 24 पेयजल योजनाओं को नियमित संचालन, जलापूर्ति और देखरेख के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंप दिया गया।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि घर-घर स्वच्छ पेयजल पहुंचने से ग्रामीण परिवारों, विशेषकर महिलाओं को पानी के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी और स्वास्थ्य एवं जीवन स्तर में सुधार आएगा।
कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, सरायपाली विधायक चातुरी नंद, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने घर-घर नल से पानी पहुंचने पर खुशी जताई।