शिक्षा, सेवा और सृजन का सम्मान: अर्जुन धनंजय सिन्हा को मिला “शिक्षारत्न सम्मान,

BHUPENDRA SINHA

September 21, 2026

छत्तीसगढ़ कलार समाज के राज्य स्तरीय समारोह में शिक्षकों एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का हुआ सम्मान,

छुरा /गरियाबंद :-छत्तीसगढ़ कलार समाज द्वारा शिक्षा, सेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं प्रतिभावान छात्र-छात्राओं के सम्मान के लिए रायपुर के सत्य साईं हॉस्पिटल ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया।

कार्यक्रम में सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग के अध्यक्ष राकेश पाण्डे, अशोक सिन्हा एवं प्रमिला सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे। छत्तीसगढ़ कलार समाज के प्रांताध्यक्ष युवराज सिन्हा सहित समाज के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में समारोह संपन्न हुआ।

समारोह का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहे शिक्षकों के योगदान को सम्मान देना और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता एवं प्रेरणा को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ज्ञान की अलख जगाने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

अर्जुन धनंजय सिन्हा को “शिक्षारत्न सम्मान,

इसी क्रम में शिक्षा, योग, स्काउटिंग, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षक अर्जुन धनंजय सिन्हा को प्रतिष्ठित “शिक्षारत्न सम्मान” से सम्मानित किया गया।

यह सम्मान उनके शैक्षणिक दायित्वों के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा सामाजिक, साहित्यिक और रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय योगदान के लिए प्रदान किया गया। राज्य स्तरीय समारोह में उन्हें समाज की आराध्य माता बहादुर कलारिन एवं राज राजेश्वर सहस्त्रबाहु देव अर्जुन पर साहित्यिक रचना प्रस्तुत करने का अवसर भी मिला।

शिक्षा को सेवा और संस्कार का माध्यम मानने वाला परिवार,

अर्जुन धनंजय सिन्हा ऐसे परिवार से आते हैं, जहां शिक्षा को केवल पेशा नहीं बल्कि सेवा, संस्कार और समाज निर्माण का माध्यम माना गया है। उनके पिता सेवानिवृत्त व्याख्याता के.आर. सिन्हा, जिन्हें सम्मानपूर्वक “द टाइगर ऑफ मैथेमेटिक्स” के नाम से जाना जाता है, तथा माता राम बाई सिन्हा के संस्कारों का उनके जीवन पर विशेष प्रभाव रहा है।

उनके परिवार के अनेक सदस्य भी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। के.आर. सिन्हा एवं राम बाई सिन्हा की पुत्रियां अमोलिया सिन्हा, महेश्वरी सिन्हा, दानेश्वरी सिन्हा, दामिनी सिन्हा, दामाद संजय सिन्हा, पुत्र अर्जुन धनंजय सिन्हा एवं भाई कला कुमार सिन्हा शिक्षक के रूप में विद्यार्थियों के जीवन को ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं।

एक ही परिवार के अनेक सदस्यों का शिक्षा के क्षेत्र से जुड़कर समाज की नई पीढ़ी को दिशा देना अपने आप में प्रेरणादायी उदाहरण है।

शुभचिंतकों ने दी बधाई,

अर्जुन धनंजय सिन्हा को राज्य स्तरीय “शिक्षारत्न सम्मान” मिलने पर सामाजिक पदाधिकारियों, कुटुम्बजनों, इष्ट-मित्रों एवं शुभचिंतकों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर भूपेन्द्र सिन्हा, पोस्ट ऑफिस शाखा प्रबंधक बलराम सिन्हा, नारायण सिन्हा, कमलेश सिन्हा, घनश्याम सिन्हा, कंचन, प्रिया, मधु, पूर्वी, गुंजन, योगिता, प्रवीण, नंद किशोर, रुद्र प्रताप एवं रोमित सहित अनेक शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए अर्जुन धनंजय सिन्हा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

शिक्षा, सेवा और सृजन के क्षेत्र में अर्जुन धनंजय सिन्हा की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत योगदान को सम्मान देती है, बल्कि विद्यार्थियों और आने वाली पीढ़ियों को भी शिक्षा एवं सामाजिक सेवा के प्रति प्रेरित करने वाली है।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment