सिंगापुर गांव में अधेड़ की संदिग्ध मौत, चेहरे पर भारी पत्थर से वार की आशंका; FSL और साइबर सेल जांच में जुटी
बलौदाबाजार-भाटापारा: भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंगापुर में एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की शिनाख्त राजा राम उर्फ चोटी साहू (उम्र लगभग 52 वर्ष), पिता महत्तर उर्फ बनिया साहू के रूप में हुई है। शव कोदवा जाने वाले मार्ग पर स्थित इंदिरा कॉलोनी क्षेत्र से बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में चेहरे पर किसी भारी व वजनी पत्थर से वार किए जाने के निशान मिले हैं, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
घटना की जानकारी 20 सितंबर की सुबह पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही एसडीओपी भाटापारा, भाटापारा ग्रामीण थाना प्रभारी, निपनिया पुलिस सहायता केंद्र की टीम, फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) तथा जिला साइबर सेल की संयुक्त टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस के अनुसार, वारदात 19 और 20 सितंबर की दरम्यानी रात घटित होने की प्रबल आशंका है।
एफएसएल की विशेषज्ञ टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट्स और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, वहीं साइबर सेल तकनीकी पहलुओं, कॉल डिटेल्स व आसपास के डिजिटल इनपुट्स की पड़ताल कर रही है। पुलिस आसपास के मार्गों और ग्रामीणों से पूछताछ कर संभावित सुराग खंगाल रही है।
घटना के पीछे की असली वजह, रंजिश या किसी व्यक्ति विशेष की संलिप्तता को लेकर पुलिस ने अभी कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और विभिन्न बिंदुओं पर गहन जांच जारी है। पीएम रिपोर्ट और साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद ही मौत के सही कारणों और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की स्थिति साफ हो सकेगी।