छुरा/गरियाबंद :- छत्तीसगढ़ में किसानों और आम जनता से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी ने बुधवार को अनुविभागीय दंडाधिकारी (राजस्व) छुरा के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों की समस्याओं से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, आवारा मवेशियों और बढ़ते नशे के कारोबार समेत 7 सूत्रीय मांगें रखी गई हैं।
ज्ञापन में आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। एग्रीस्टैक पंजीयन और रकबा समर्पण की प्रक्रिया को लेकर किसानों को परेशानी हो रही है। पार्टी ने इन प्रक्रियाओं को सरल बनाने तथा किसानों को राहत देने की मांग की है।
पार्टी ने सरकारी स्कूलों की बदहाल स्थिति, शिक्षकों की कमी और गिरते शैक्षणिक स्तर पर भी चिंता जताई। इसके साथ ही सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों, आवश्यक दवाइयों और बुनियादी सुविधाओं की कमी दूर करने की मांग की गई।
7 सूत्रीय मांगों में प्रमुख मुद्दे,
किसानों के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन की प्रक्रिया सरल करने और रकबा समर्पण के नाम पर किसानों को होने वाली परेशानी दूर करने की मांग।
सरकारी स्कूलों की बदहाली, शिक्षकों की कमी और गिरते शैक्षणिक स्तर में तत्काल सुधार।
अस्पतालों में डॉक्टर, आवश्यक दवाइयां और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग।
गौधाम योजना में कथित भ्रष्टाचार की जांच तथा आवारा मवेशियों के उचित रखरखाव की व्यवस्था।
जर्जर और गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण।
बिजली की बढ़ी दरों और अधिक राशि वाले बिजली बिलों से जनता को राहत देने की मांग।
बढ़ते नशे के कारोबार और मिलावटी शराब पर प्रभावी नियंत्रण की मांग।
ज्ञापन में पार्टी की ओर से कहा गया कि इन जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन त्वरित एवं ठोस कार्रवाई करे तथा ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए। पार्टी ने कहा कि किसानों और आम जनता को इन समस्याओं से राहत दिलाने के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।