बलौदाबाजार।16 सितंबर 2026 एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), बलौदाबाजार द्वारा आयोजित 15 दिवसीय पशु सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम के द्वितीय बैच का बुधवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम 1 सितंबर 2026 से प्रारंभ हुआ था, जिसमें कुल 30 पशु सखी दीदियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उन्नत पशुपालन, पशुओं की उचित देखभाल, पशु स्वास्थ्य, पोषण, रोगों की पहचान एवं बचाव तथा ग्रामीण स्तर पर पशुधन विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण को प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के लिए प्रतिभागियों को कृषि विज्ञान केंद्र (KVK), पशु चिकित्सालय एवं डेयरी फार्म का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान प्रतिभागियों ने आधुनिक पशुपालन पद्धतियों को प्रत्यक्ष रूप से देखा और वैज्ञानिक तरीके से पशुओं के प्रबंधन एवं देखभाल की जानकारी प्राप्त की।
प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागियों का असेसमेंट छत्तीसगढ़ आरसेटी असेसमेंट कंट्रोलर अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसमें ईडीपी असेसर सुरजीत कुमार गुहा एवं डोमेन असेसर डॉ. दिलीप कुमार सिंह देव द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। असेसमेंट में सभी 30 पशु सखी दीदियों ने सफलतापूर्वक भाग लिया।
प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी 30 प्रतिभागियों को टूलकिट भी प्रदान की गई। टूलकिट के माध्यम से प्रशिक्षित पशु सखी दीदियां ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को आवश्यक सेवाएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के साथ अपनी आजीविका के नए अवसर विकसित कर सकेंगी।
समापन समारोह में ये रहे उपस्थित
समापन समारोह में अग्रणी जिला प्रबंधक शिव कुमार कंवर, आरसेटी निदेशक बैजनाथ कुमार, प्रशिक्षक एवं पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ डॉ. चंदन कुर्रे, आरसेटी संकाय सदस्य विक्टर कोशरिया, अमिश यादव एवं कार्यालय सदस्य अरुण कुमार उपस्थित रहे।