बिलासपुर में युवक की पीट-पीटकर हत्या: इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार
बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोखंडी में एक 19 वर्षीय युवक के साथ बेरहमी से मारपीट और इलाज के दौरान उसकी मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 7 सितंबर की रात करीब 9 बजे 19 वर्षीय शेख इस्माईल अपने घर से निकला था। देर रात लगभग 1 बजे परिजनों को खबर मिली कि लोखंडी के कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश या विवाद के चलते इस्माईल के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों और लाठी-डंडों से प्राणघातक हमला कर दिया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे डायल 112 की मदद से तत्काल सिम्स (SIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया।
परिजनों की शिकायत पर सकरी पुलिस ने शुरुआत में अपराध क्रमांक 839/2026 के तहत धारा 296, 351(3), 115(2) व 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सिम्स से रेफर किए जाने के बाद युवक का उपचार डीकेएस (DKS) अस्पताल रायपुर में चल रहा था, जहां 12 सितंबर को उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या से संबंधित धारा 103(2) और 324 BNS को भी शामिल कर लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने दबिश देकर 13 सितंबर को चारों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए सभी आरोपी सकरी क्षेत्र के निवासी हैं:
- अक्षय कुमार गढ़ेवाल (21 वर्ष)
- प्रदुम श्रीवास उर्फ पदुम (29 वर्ष)
- दिलीप कुमार निर्मलकर (32 वर्ष)
- गोविंद पटेल उर्फ दौलत (22 वर्ष)
सकरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।