सड़क के जानलेवा गड्ढों ने छीनी तीजा की खुशियां: बाइक से उछलकर गिरा डेढ़ साल का मासूम, सिर पर लगे टांके

BIRENDRA KUMAR SEN

September 13, 2026

सड़क के जानलेवा गड्ढों ने छीनी तीजा की खुशियां: बाइक से उछलकर गिरा डेढ़ साल का मासूम, सिर पर लगे टांके

झलप/बागबाहरा: झलप–बागबाहरा मार्ग पर बने जानलेवा गड्ढों की वजह से एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। तीजा पर्व पर अपने नाना के घर नावाडीह जा रहा डेढ़ वर्षीय मासूम भावेश यादव बाइक से उछलकर सीधे कोलतार की सड़क पर जा गिरा। हादसे में बच्चे के सिर पर गहरा घाव हुआ है, जहां डॉक्टरों को कई टांके लगाने पड़े हैं। मासूम के माथे और हाथ पर भी गंभीर चोटें आई हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, तेजन यादव अपनी बहन और दो बच्चों को बाइक पर लेकर बागबाहरा की ओर आ रहे थे। पचरी के पास छोटी पुलिया के समीप सड़क पर एक बेहद गहरा गड्ढा था। चालक ने बाइक को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन गड्ढे में पहिया पड़ते ही जोरदार झटका लगा। इस झटके से गोद में बैठा डेढ़ साल का भावेश छिटककर सड़क पर गिर पड़ा।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोगों का जमावड़ा लग गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राहगीर मयंक शर्मा ने स्थिति की गंभीरता को समझा। उन्होंने तुरंत अपनी कार रोकी और लहूलुहान बच्चे व उसके परिजनों को बैठाकर झलप के सहकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां मासूम का प्राथमिक उपचार किया गया।

इस घटना के बाद से स्थानीय नागरिकों में लोक निर्माण विभाग (PWD) और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि खस्ताहाल सड़क आए दिन हादसों को न्योता दे रही है, लेकिन प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठा है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने और मार्ग के सभी गड्ढों की तत्काल स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment