दर्दनाक: नवागढ़ में स्नेक रेस्क्यू के दौरान सर्पदंश से प्रसिद्ध स्नेक कैचर मनीष पाटिल की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

BIRENDRA KUMAR SEN

September 12, 2026

दर्दनाक: नवागढ़ में स्नेक रेस्क्यू के दौरान सर्पदंश से प्रसिद्ध स्नेक कैचर मनीष पाटिल की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

बेमेतरा। क्षेत्र में लंबे समय से बेजुबानों और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए समर्पित जाने-माने स्नेक कैचर मनीष पाटिल का देर रात रेस्क्यू के दौरान सांप के डसने से दुखद निधन हो गया। दूसरों की जान बचाने वाले मनीष के असमय जाने की खबर मिलते ही पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, डायल 112 की टीम नवागढ़ क्षेत्र में एक स्थान पर सांप निकलने की सूचना पर मनीष पाटिल को रेस्क्यू अभियान के लिए अपने साथ लेकर गई थी। रेस्क्यू के दौरान अचानक एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सर्पदंश के तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। साथियों ने आनन-फानन में उन्हें नवागढ़ अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मनीष पाटिल वर्षों से घरों, दुकानों और खेतों में निकलने वाले जहरीले सांपों को पकड़कर सुरक्षित जंगलों में छोड़ने का निस्वार्थ कार्य कर रहे थे। क्षेत्रवासी उन्हें उनके अदम्य साहस, अनुभव और त्वरित मदद के लिए पहचानते थे।

आर्थिक रूप से बेहद सामान्य परिवार से ताल्लुक रखने के बावजूद मनीष का समाज सेवा के प्रति समर्पण हमेशा मजबूत रहा। उनके इसी सेवाभाव और जनहित के कार्यों को देखते हुए 15 अगस्त 2025 को जिला प्रशासन द्वारा उन्हें सम्मानित भी किया गया था। दूसरों के जीवन की रक्षा करते हुए मनीष खुद जिंदगी की जंग हार गए। उनके निधन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, रेस्क्यू टीम के साथियों और नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment