कलेक्टर, एसपी और डीएफओ को बिहान दीदियों ने पहनाई बीज राखी

बलौदाबाजार-भाटापारा, 25 अगस्त 2026। जिले में इस बार रक्षाबंधन पर्व भाई-बहन के अटूट स्नेह के साथ हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देगा। बिहान से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाएं स्थानीय धान, चावल, लौकी, करेला, सेमी सहित विभिन्न बीजों का उपयोग कर आकर्षक एवं पर्यावरण हितैषी राखियां तैयार कर रही हैं। ग्राम लाहोद की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही इन अनूठी बीज राखियों को लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। इनके विक्रय से महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी के साथ अपने हुनर को बाजार तक पहुंचाने का अवसर भी मिल रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को बिहान समूह की महिलाओं ने संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में बीज राखियों की बिक्री के लिए स्टॉल लगाया। स्टॉल का अवलोकन करने पहुंचे कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक गौरव राय, वनमंडलाधिकारी पंकज कुमार कमल एवं जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल को बिहान दीदियों ने अपने हाथों से तैयार की गई बीज राखियां पहनाईं।

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बिहान दीदियों के इस नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप महिलाओं को नवाचार एवं आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीज राखी महिलाओं के हुनर, रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी सुंदर संदेश देती है।
बीज राखियों की खासियत यह है कि रक्षाबंधन के बाद इनमें मौजूद बीजों को मिट्टी में बोकर पौधे या सब्जियां उगाई जा सकती हैं। इस तरह भाई-बहन के रिश्ते की निशानी बनी यह राखी त्योहार के बाद भी प्रकृति से जुड़ाव का संदेश देती रहेगी। बिहान समूह की महिलाओं का यह प्रयास स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में भी एक सराहनीय पहल है।