रानीपरतेवा से करचाली, देवसरा, द्वारतरा और बह्मनी जाने वाले मार्ग की हालत खराब, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन,
छुरा/गरियाबंद :- छुरा ब्लॉक के रानीपरतेवा से करचाली, देवसरा, द्वारतरा और बह्मनी गांवों को जोड़ने वाली जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर गरियाबंद के नाम ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 सितंबर 2026 तक सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो चारों गांवों के ग्रामीण मुख्य मार्ग ग्राम मुड़ागांव में चक्काजाम कर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि रानीपरतेवा से देवसरा तक करीब 3 किलोमीटर सड़क अत्यंत जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आवागमन में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क की खराब स्थिति से स्कूली बच्चों, किसानों, बस एवं अन्य वाहन चालकों तथा आम ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि किसानों को रानीपरतेवा सोसायटी से खाद लाने तथा धान विक्रय के लिए परिवहन में परेशानी होती है। वहीं खराब सड़क के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ज्ञापन में बड़े गड्ढों के चलते अप्रिय दुर्घटना होने की संभावना जताई गई है।
दो-तीन वर्षों से कर रहे हैं मांग,
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर पिछले दो-तीन वर्षों से ग्राम सुराज एवं जिला जनदर्शन के माध्यम से आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं हो सकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सड़क मरम्मत कराने की मांग की है।
समयसीमा तय, नहीं तो आंदोलन,
ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि 15 सितंबर 2026 तक जर्जर सड़क की मरम्मत नहीं होने पर करचाली और द्वारतरा ग्राम पंचायतों के आश्रित ग्राम देवसरा एवं बह्मनी के ग्रामीण मुख्य मार्ग ग्राम मुड़गांव पर चक्काजाम कर धरना-प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों ने कहा है कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।