सक्ती के शासकीय विद्यालय में ताला जड़कर छात्रों का प्रदर्शन, जीव विज्ञान शिक्षिका के तबादले की मांग
मालखरौदा : सक्ती जिले के मालखरौदा विकासखंड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आड़ील में सोमवार को विद्यार्थियों ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि जीव विज्ञान विषय की पढ़ाई नियमित रूप से नहीं हो रही है, जिससे उनकी आगामी परीक्षाओं की तैयारी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। आक्रोशित छात्रों ने संबंधित शिक्षिका को तत्काल हटाकर स्थानांतरित करने की मांग की है।
कक्षा 12वीं की छात्रा खुशी पटेल ने शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे छात्रों पर मानसिक दबाव बनाती हैं और समर्थन न करने पर प्रोजेक्ट के अंक काटने की धमकी देती हैं। वहीं, कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों को सप्ताह में केवल दो दिन ही पढ़ाने की बात सामने आई है, जिससे पाठ्यक्रम पूरा होना असंभव दिखाई दे रहा है।
स्कूल के प्रभारी प्राचार्य देव कुमार साहू ने बताया कि 16 जून को जारी समय-सारणी पर संबंधित शिक्षिका ने हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया था। शिक्षिका द्वारा न तो दैनंदिनी (डायरी) नियमित रूप से प्रस्तुत की जा रही है और न ही 16 जुलाई 2026 के बाद से कक्षा 9वीं में विज्ञान की पढ़ाई सुचारू रूप से चल पा रही है।
प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि इस समस्या को लेकर कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), स्कूल प्रबंधन समिति और ग्राम सरपंच स्तर पर कई बार प्रयास किए गए, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने खुद मौके पर पहुंचकर शिक्षिका को समझाने का प्रयास किया, किंतु शिक्षिका अपने रवैये पर अड़ी रहीं। अधिकारियों के टालमटोल रवैये से नाराज होकर अंततः छात्रों ने तालाबंदी का कदम उठाया।
प्रदर्शन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी कुमुदिनी द्विवेदी ने बताया, “शिक्षिका को हटाने की मांग को लेकर छात्रों ने प्रदर्शन किया था। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए 4 अगस्त को एक जांच टीम का गठन कर दिया गया है। टीम को 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”