जिला पंचायत सामान्य सभा में शिक्षा और खाद संकट का मुद्दा गरमाया, मोक्ष कुमार प्रधान ने अधिकारियों से मांगा जवाब

SARJU PRASAD SAHU

July 31, 2026

महासमुंद/बसना। जिला पंचायत महासमुंद की सामान्य सभा की बैठक में जनहित से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से छाए रहे। बसना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-12 के जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने शिक्षा व्यवस्था की खामियों, विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी और किसानों को खाद उपलब्ध नहीं होने जैसे गंभीर विषयों को मजबूती से उठाते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से जवाब मांगा। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत केवल औपचारिक बैठक का मंच नहीं, बल्कि आम जनता की समस्याओं के समाधान का सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक माध्यम है।

बैठक की शुरुआत में मोक्ष कुमार प्रधान ने जिले के शासकीय विद्यालयों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आज भी कई स्कूलों में बाउंड्री वॉल (आहता) नहीं है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का दावा कर रही है, तब विद्यालयों की मूलभूत आवश्यकताओं की अनदेखी क्यों की जा रही है।

उन्होंने पिथौरा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल ढोढरकसा से जुड़े एक शिक्षक के मामले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि यह मामला लंबे समय से चर्चा में है, लेकिन शिक्षा विभाग अब तक स्पष्ट और संतोषजनक जवाब देने में विफल रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी शिकायत को दबाने के बजाय उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।

बैठक में मोक्ष कुमार प्रधान ने शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल पिरदा में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में छात्र-छात्राएं टीसी लेकर दूसरे विद्यालयों में प्रवेश लेने को मजबूर हो रहे हैं। यह स्थिति क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने रिक्त पदों पर जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।

कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि विभाग ने अप्रैल माह में पर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण होने का दावा किया था, लेकिन आज तक डिस्पैच नंबर जारी नहीं होने के कारण किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि जब खाद उपलब्ध है तो वितरण में देरी क्यों हो रही है। खरीफ सीजन के महत्वपूर्ण समय में किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है, जिससे खेती का कार्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल बैठकों में शामिल होना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाकर उनका समाधान सुनिश्चित कराना है। उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि यदि शिक्षा, कृषि और अन्य विभागों की लापरवाही जारी रही तो जनहित में व्यापक आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

मोक्ष कुमार प्रधान ने विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरने के लिए वे हर मंच पर लोगों की आवाज उठाते रहेंगे।

बैठक में उपस्थित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। वहीं, मोक्ष कुमार प्रधान द्वारा उठाए गए शिक्षा, किसानों और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को गंभीर बताते हुए उनके शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर बल दिया गया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment