बलौदाबाजार, 27 जुलाई 2026। जनपद पंचायत कार्यालय कसडोल के सभाकक्ष में सोमवार को खंड स्तरीय बैंकर्स समिति (बीएलबीसी) की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बैंकिंग सेवाओं के विस्तार तथा वित्तीय समावेशन से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज एवं ऋण वितरण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), किसान क्रेडिट कार्ड, डेयरी व्यवसाय, मत्स्य पालन, पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा, मुद्रा लोन, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
अग्रणी जिला प्रबंधक शिव कुमार कंवर ने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि शासकीय योजनाओं से जुड़े निष्क्रिय डीईएएफ (DEAF) खातों का केवाईसी अपडेट कर उन्हें पुनः संचालित किया जाए। यदि खाते संचालित नहीं किए जा सकते, तो नियमानुसार जिला कोषालय अधिकारी से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर राशि का स्थानांतरण अथवा खाता बंद करने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में डिजिटल धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने पर भी विशेष जोर दिया गया। अग्रणी जिला प्रबंधक ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार आरोह एनजीओ द्वारा संचालित सीएफएल कार्यक्रम के माध्यम से वित्तीय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें बैंक मित्र, एफएलसीआरपी एवं पीआरपी सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक शिव कुमार कंवर, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कमलेश साहू, पुष्पेंद्र ध्रुव (एडीईओ), ब्लॉक के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, एनआरएलएम (बिहान) के बैंक सखी, बैंक मित्र, एफएलसीआरपी एवं पीआरपी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।