सिरगिट्टी में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, होटल गोल्डन स्टे से 14 हजार लीटर/किलोग्राम कृषि आदान जब्त

SARJU PRASAD SAHU

July 21, 2026

मस्तूरी। बिलासपुर किसानों के हितों की सुरक्षा और कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने सिरगिट्टी में बड़ी कार्रवाई करते हुए होटल गोल्डन स्टे के प्रथम तल पर अवैध रूप से भंडारित कृषि आदानों का भंडाफोड़ किया। जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं संचालक कृषि, रायपुर के निर्देश पर जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने यह कार्रवाई की।

पुष्ट सूचना के आधार पर की गई जांच में टीम ने होटल के प्रथम तल से लगभग 4,610 लीटर पौध संरक्षण (कीटनाशक) दवाइयां तथा 9,611 किलोग्राम जैव उत्प्रेरक खाद बरामद किया। इस तरह कुल मिलाकर करीब 14 हजार लीटर/किलोग्राम कृषि आदान जब्त किए गए।

प्रारंभिक जांच में कृषि आदानों के अवैध भंडारण की पुष्टि होने पर विभाग ने मौके पर ही जब्त सामग्री के विक्रय पर तत्काल प्रतिबंध लगा दिया। साथ ही संदेहास्पद कृषि आदानों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पूरे दिन चली कार्रवाई के दौरान जब्त सामग्री को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी गोदाम संचालक मनीष सिंह को सुपुर्द की गई।

कार्रवाई में उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर, सहायक संचालक कृषि अनिल शुक्ला, कृषि निरीक्षक आर.एस. गौतम सहित उमेश कश्यप, खेमराज शर्मा, विजय और धीरज शामिल रहे।

उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान उपलब्ध कराने और नकली, अमानक तथा अवैध रूप से भंडारित कृषि सामग्री पर रोक लगाने के लिए जिले में सघन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment