राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा आयोजित “स्व. हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह–2026” का आयोजन बुधवार को रायपुर के विमतारा, मधु पिल्ले चौक, शांति नगर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में देशभर से प्राप्त लगभग 700 आवेदनों में से चयनित 250 शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान-2026 से सम्मानित किया गया।
इस राष्ट्रीय सम्मान समारोह में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल ब्लॉक के सात नवाचारी शिक्षकों को भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में ईश्वरी प्रसाद चौहान (घिरघोल), योगेश्वर कुमार साहू, जगदीश प्रसाद पटेल, राम अवतार पटेल (टेमरी), साहेब लाल पटेल (बम्हनी), तुलसी साहू (डेरा डीह) एवं महादेव जायसवाल (नगेड़ी) शामिल हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं हरिभूमि समूह के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। शिक्षक केवल विद्यार्थियों का भविष्य ही नहीं गढ़ता, बल्कि राष्ट्र के चरित्र, संस्कृति और सभ्यता का भी निर्माण करता है। उन्होंने शिक्षा में नवाचार और मूल्यों के समन्वय को विकसित भारत की आधारशिला बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्रा ने कहा कि स्व. हरिवंश मिश्र के शिक्षा, अनुशासन और समाज सेवा के आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस सम्मान की शुरुआत की गई है। संस्था भविष्य में भी उत्कृष्ट शिक्षकों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करती रहेगी।
विशिष्ट अतिथि एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका डॉ. प्रज्ञा सिंह ने कहा कि शिक्षक का दायित्व केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और संस्कारों का निर्माण करना भी है। वहीं संस्था के संरक्षक मनोज वर्मा ने सम्मानित शिक्षकों को समाज का वास्तविक प्रेरणास्रोत बताया।
समारोह में स्व. हरिवंश मिश्र को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शिक्षा एवं समाज सेवा के योगदान को याद किया गया। देशभर से आए शिक्षकों, शिक्षाविदों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में सम्मानित शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए और आयोजन की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय महासचिव मोहन लहरी ने किया, जबकि कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने सभी अतिथियों, सम्मानित शिक्षकों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।