बिलाईगढ़ में पर्यटन को लगेंगे पंख: विधायक कविता प्राण लहरे की पहल पर सरकार ने दी ₹128.20 लाख की स्वीकृति
रायपुर/बिलाईगढ़।
बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन विकास को लेकर स्थानीय विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे की सक्रियता रंग लाई है। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विधायक द्वारा उठाए गए एक महत्वपूर्ण सवाल पर पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सदन में क्षेत्र के धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों के विकास को लेकर सरकार की बड़ी योजनाओं की जानकारी दी।
विधायक कविता प्राण लहरे ने बिलाईगढ़ क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए इन स्थलों के सर्वेक्षण, विकास और उन्हें राज्य के पर्यटन मानचित्र में शामिल करने की मांग मजबूती से उठाई थी।
पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य शासन के घोषणा पत्र के अनुरूप क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों के विकास के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
- सतनाम मार्ग का विकास: गिरौदपुरी अमृत कुंड से पंचकुंडी होते हुए छातापहाड़ तक ‘सतनाम मार्ग’ का विकास किया जाएगा।
- तीर्थ स्थल के रूप में विकास: गिरौदपुरी धाम एवं छातापहाड़ को भव्य तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने के लिए ₹128.20 लाख की कुल प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
- बजट जारी: इस कार्य के लिए ₹12.82 लाख की प्रथम किस्त भी शासन द्वारा जारी कर दी गई है।
धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्र के प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार ने कदम बढ़ाए हैं:
- ठाकुरदिया बांध (चंडलीडीह): इसे एक बेहतरीन पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए जिला प्रशासन से विस्तृत प्रस्ताव (DPR) और आवश्यक जानकारी मांगी गई है।
- नए पर्यटन स्थलों की खोज: बिलाईगढ़ विधानसभा के अन्य संभावित पर्यटन स्थलों की पहचान कर उनके विकास के लिए भी जिला प्रशासन से नए प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं।
विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे ने इस पहल पर खुशी जताते हुए कहा कि बिलाईगढ़ क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से सराबोर है।
”हमारा उद्देश्य सिर्फ सदन में मुद्दे उठाना नहीं, बल्कि धरातल पर बिलाईगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। इन स्थलों के योजनाबद्ध विकास से न सिर्फ क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।”
– कविता प्राण लहरे, विधायक (बिलाईगढ़)
क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं—सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान और अब पर्यटन के मुद्दे पर विधायक की इस निरंतर पैरवी से बिलाईगढ़ के वासियों में विकास की एक नई उम्मीद जगी है।