ट्रिनिटी कान्वेंट स्कूल शिवरीनारायण में साइबर क्राइम, नवीन आपराधिक कानून एवं सड़क सुरक्षा विषय पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

SARJU SAHU

July 15, 2026

शिवरीनारायण। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन एवं सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत, शिवरीनारायण पुलिस ने आज स्थानीय ट्रिनिटी कान्वेंट स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में साइबर क्राइम, नवीन आपराधिक कानून और सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान, विद्यार्थियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के तरीकों के बारे में बताया गया। साथ ही, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और डिजिटल सुरक्षा के उपायों की जानकारी साझा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

इसके अलावा, विद्यार्थियों को भारत में लागू नवीन आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA)—के प्रमुख प्रावधानों, उनके उद्देश्यों तथा आम नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया।

सड़क सुरक्षा के तहत, छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्यतः उपयोग करने, नाबालिग अवस्था में वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के उपयोग से बचने तथा सड़क पार करते समय आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई।

शिवरीनारायण पुलिस ने आमजन और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहें, यातायात नियमों का पालन करें और नवीन कानूनों की जानकारी प्राप्त कर एक सुरक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment