छुरा / गरियाबंद:- छुरा नगर के स्वर्ण जयंती चौक में लोक सांस्कृतिक संस्था अर्पण छुरा द्वारा पद्म विभूषण डॉ. तीजन बाई को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर सभी ने दो मिनट का मौन धारण करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

श्रद्धांजलि सभा में स्थानीय पंडवानी गायिका खेमिन बाई निषाद ने कहा कि डॉ. तीजन बाई केवल एक कलाकार नहीं थीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की पहचान थीं। उन्होंने अपनी अद्भुत कला और समर्पण से पंडवानी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लोक कलाकारों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
वहीं पंडवानी गायिका पूनम सिन्हा ने कहा कि डॉ. तीजन बाई का निधन छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने जिस तरह पूरी दुनिया में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और पंडवानी की प्रतिष्ठा बढ़ाई, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके आदर्श और कला हमेशा लोक कलाकारों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद, राजमहल छुरा से माहेश्वरी शाह, नगर के पार्षदगण, लोक सांस्कृतिक संस्था अर्पण छुरा के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. तीजन बाई के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनकी स्मृति को चिरस्थायी बताया।