तीन मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग, एसपी ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन
महासमुंद। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के पदाधिकारियों ने जिले में घटित तीन प्रमुख मामलों में पुलिस कार्रवाई को लेकर पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार से पीड़ित परिवारों के साथ मुलाकात कर निष्पक्ष जांच और प्रभावी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने भारती टंडन हत्याकांड, सपना बार मारपीट एवं जातीय टिप्पणी प्रकरण तथा बिरकोनी में जातिगत गाली-गलौज के मामले में विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम झारा निवासी भारती टंडन हत्याकांड में पुलिस द्वारा केवल एक नाबालिग को आरोपी बनाए जाने पर गंभीर सवाल उठाए। परिजनों का कहना है कि जिस प्रकार हत्या के बाद शव को दूर ले जाकर रेत में दफनाया गया और साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया, उसे अकेले एक नाबालिग द्वारा अंजाम देना संभव प्रतीत नहीं होता। उन्होंने आशंका जताई कि इस मामले में एक से अधिक लोगों की संलिप्तता हो सकती है।
परिजनों ने यह भी बताया कि घटना की रात आरोपी नाबालिग के पिता ने उन्हें बताया था कि उनका पुत्र पेचिश से पीड़ित था और पूरी रात उनके साथ घर पर ही रहा। बाद में पुलिस द्वारा प्रस्तुत घटनाक्रम इससे अलग होने के कारण मामले में कई विरोधाभास सामने आ रहे हैं। समाज और पीड़ित परिवार ने पुलिस की अब तक की जांच पर असंतोष जताते हुए पूरे मामले की सूक्ष्म एवं निष्पक्ष पुनः जांच कराने की मांग की।
बैठक के दौरान महासमुंद स्थित सपना बार में सतनामी समाज के युवक विवेक कुर्रे के साथ मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज तथा समाज के आराध्य परम पूज्य गुरु घासीदास बाबा पर कथित अभद्र टिप्पणी के मामले को भी उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से समाज में व्यापक आक्रोश है। पुलिस ने गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया, लेकिन आरोपी हर्ष चंद्राकर की जमानत का प्रभावी विरोध नहीं किए जाने के कारण उसे शीघ्र जमानत मिल गई। समाज ने आशंका जताई कि आरोपी पीड़ित पर दबाव बना सकता है, इसलिए उसकी जमानत निरस्त कराने के लिए आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने तीसरे मामले में ग्राम बिरकोनी निवासी रामुदास मांडे द्वारा 15 मई 2026 को सिटी कोतवाली में दिए गए आवेदन का भी उल्लेख किया। आवेदन में बिरकोनी के सरपंच चंदन चंद्राकर पर जातिसूचक गाली-गलौज कर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप लगाया गया है। समाज का कहना है कि मामले में तीन स्वतंत्र गवाह होने के बावजूद अब तक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
प्रतिनिधिमंडल की मांगों पर पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने सभी मामलों में निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने विशेष रूप से भारती टंडन हत्याकांड में जांच के दौरान यदि अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान भारती टंडन के माता-पिता, सपना बार प्रकरण के पीड़ित विवेक कुर्रे, रामुदास मांडे सहित प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के जिलाध्यक्ष विजय बंजारे, सचिव रेखराम बघेल, हरक मन्नाडे, युवा प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष तेजराम चौलिक, ब्लॉक उपाध्यक्ष एवं झारा सरपंच श्रीमती चंद्रकला जांगड़े, खल्लारी परिक्षेत्र अध्यक्ष संतोष कुमार जांगड़े, राजकुमार कुर्रे, देवेंद्र बंजारे, थामस भारती, दिनेश जांगड़े, अमृत डहरिया, तेजराम कुर्रे, यादराम भतपहरी, नागेश्वर रात्रे, किसन, युगेश्वर सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इसकी जानकारी समाज के मीडिया प्रभारी सोमनाथ टोंडेकर ने दी।